सीतापुर(संवाददाता):शहर के लालबाग पार्क में आयोजित 'लालबाग के राजा' गणेश महोत्सव के मंच पर रविवार की रात आस्था और लोक-संस्कृति के अनूठे संगम की साक्षी बनी। उत्तराखंड से पधारे सुप्रसिद्ध कलाकार कपिल बावरा और उनके सहयोगी कलाकारों ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को आध्यात्मिक आभा से सराबोर कर दिया।
सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीराम का दरबार, राधा-कृष्ण की प्रेममयी छवि और देवाधिदेव महादेव की सजीव झांकियां रहीं। पारंपरिक वेशभूषा, गरिमामय संवाद और जीवंत अभिनय के सम्मोहन में बंधे श्रद्धालु देर रात तक पंडाल में जमे रहे। पूरा परिसर 'हर-हर महादेव' और 'गणपति बप्पा मोरया' के जयघोष से गुंजायमान रहा।
प्रस्तुतियों के उपरांत विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की भव्य महाआरती संपन्न हुई। बतौर मुख्य यजमान जॉइंट कमिश्नर जीएसटी वीपी सिंह, बैंक अधिकारी शैलेंद्र कुमार, प्रतिष्ठित व्यापारी सहगल परिवार एवं नवीन कुमार ने पूजन अर्चन कर लोक-कल्याण की प्रार्थना की।
समिति अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद रस्तोगी 'पालू' ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। संरक्षक गप्पू रस्तोगी के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस उत्सव में कोषाध्यक्ष अजय जाधव, मंत्री अंकुर रस्तोगी, सुधीर पाण्डेय, दयाशंकर रस्तोगी, संजू, शुभम शुक्ला, राहुल गुप्ता व अनिमेष सेठ सहित तमाम कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाएं संभालीं।



0 टिप्पणियाँ